दिनांक: 09 मई 2026
स्थान: लखनऊ
भाजपा संरक्षण में भूमाफिया द्वारा किसान की जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, प्रशासन पर निष्क्रियता के गंभीर सवाल !
लखनऊ में एक बार फिर भूमाफियाओं द्वारा किसान की जमीन पर जबरन कब्जे का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने आरोप लगाया है कि प्रदीप यादव, विपिन यादव एवं उनके सहयोगियों द्वारा दबंगई के बल पर उसकी जमीन पर अवैध कब्जा किया जा रहा है। किसान का कहना है कि यह पूरा कृत्य शासन-प्रशासन की निगरानी में हो रहा है, जिससे स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पीड़ित किसान ने बताया कि संबंधित जमीन उसके वैध स्वामित्व में है, इसके बावजूद आरोपित लोग जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। विरोध करने पर किसान परिवार को धमकियां भी दी जा रही हैं। किसान ने आरोप लगाया कि कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो वे उच्चाधिकारियों से शिकायत करने के साथ-साथ लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने शासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए तथा उनकी जमीन को कब्जामुक्त कराया जाए।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भूमाफियाओं के हौसले और बुलंद होंगे।
इस मामले ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और किसानों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
