संसद-सदस्य सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न

संसद-सदस्य सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न

फर्रुखाबाद मा0सासंद, लोकसभा श्री मुकेश राजपूत जी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में संसद-सदस्य सड़क सुरक्षा समिति की बैठक का आयोजन किया गया।बैठक में उपस्थित एआरटीओ-प्रवर्तन सुभाष राजपूत के द्वारा अवगत कराया गया कि उत्तर प्रदेश में माह दिसम्बर, 2025 तक 50769 सड़क दुर्घटनाओं में 27205 व्यक्तियों की मृत्यु हुई तथा 38869 व्यक्ति घायल हुये हैं जबकि वर्ष 2024 में 46052 सड़क दुर्घटनाओं में 24118 व्यक्तियों की मृत्यु हुई थी तथा 34665 व्यक्ति घायल हुये थे। उत्तर प्रदेश में माह दिसम्बर, 2025 तक दुर्घटनाओं की संख्या में 10.20 प्रतिशत तथा मृतकों की संख्या में 12.80 प्रतिशत तथा घायलों की संख्या में 12.10 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। माह दिसम्बर 2025 तक जनपद फर्रूखाबाद में 490 सड़क दुर्घटनायें घटित हुई हैं जिनमें 284 व्यक्तियों की मृत्यु हुई है तथा 379 व्यक्ति घायल हुये हैं। जनपद-फर्रूखाबाद में वर्ष 2024 में 390 सड़क दुर्घटनाओं में 213 व्यक्तियों की मृत्यु हुई थी तथा 301 व्यक्ति घायल हुये थे। जनपद फर्रूखाबाद में माह दिसम्बर 2025 तक दुर्घटनाओं की संख्या में लगभग 25.64 प्रतिशत की वृद्धि हुई है जबकि मृतकों की संख्या में 33.33 प्रतिशत की वृद्धि हुई ।माह दिसम्बर 2025 तक जनपद फर्रूखाबाद में 490 सड़क दुर्घटनाओं में से 314 सड़क दुर्घटनाओं में शामिल कम से कम एक वाहन दो पहिया है, जिसमें दो पहिया सवार 177 व्यक्तियों की मृत्यु हुई है तथा 221 व्यक्ति घायल हुये हैं। वर्ष 2025 में कुल सड़क दुर्घटनाओं में दो पहिया वाहनों का 64 प्रतिशत तथा मृतकों में दो पहिया वाहन सवारों का 62 प्रतिशत होना अत्यन्त ही चिन्तनीय हैं। यह भी उल्लेखनीय है कि 87 सड़क दुर्घटनाओं में शामिल दोनों वाहन दो पहिया थे, जिनमें 31 व्यक्तियों की मृत्यु हुई व 52 व्यक्ति घायल हुये।

वर्ष 2025 में माह दिसम्बर तक हिट एण्ड रन की 109 दुर्घटनायें घटित हुई हैं, जिनमें 89 व्यक्तियों की मृत्यु हुई हैं तथा 81 व्यक्ति घायल हुये हैं। वर्ष 2024 में हिट एण्ड रन की 66 दुर्घटनायें घटित हुई हैं, जिनमें 43 व्यक्तियों की मृत्यु हुई थी तथा 28 व्यक्ति घायल हुये थे।

बैठक में उपस्थित एआरटीओ द्वारा बताया गया कि पुलिस विभाग द्वारा वर्ष 2025 में 46958 चालान किये गये हैं तथा 212 वाहन बन्द किये गये हैं, जिनसें रू0 20.53 लाख प्रशमन शुल्क वसूला गया। परिवहन विभाग द्वारा वर्ष 2025 में 4455 चालान किये गये हैं तथा 1066 वाहन बन्द किये गये हैं, जिनसें रू0 237.72 लाख प्रशमन शुल्क वसूला गया। इसके अतिरिक्त मा0 सुप्रीम कोर्ट कमेटी ऑन रोड सेफ्टी के निर्देशों के अनुपालन में जनपद फर्रूखाबाद में वर्ष 2025 में 281 ड्राइविंग लाइसेन्स निलम्बित किये गये हैं।राष्ट्रीय राजमार्ग पर अधिक दुर्घटनाओं के दृष्टिगत मा0सांसद जी द्वारा बैठक में उपस्थित एनएचएआई के अधिकारियो को निर्देशित किया गया कि वह नेशनल हाइवे को शीघ्रातिशीघ्र दुरूस्त करायें। इसके साथ ही जमापुर, चाचूपुर, सेन्ट्रल जेल, मसेनी, रोहिला तथा धीरपुर चौराहे पर ब्लिंकर्स लगाये जायें। सांसद जी द्वारा शुकरूल्लापुर रेल ओवरब्रिज पर लगी लाइट को शीघ्र चालू कराने के निर्देश दिये गये। सांसद जी द्वारा ट्रैक्टर-ट्रालियों में रिफ्लेक्टिव टेप लगवाने के निर्देश भी दिये गये।
जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिये गये कि क्षेत्राधिकारी-यातायात एवं जिला पूर्ति अधिकारी के साथ एआरटीओ जनपद के पेट्रोल-पम्पों पर बिना हेल्मेट लगाये पेट्रोल लेने वाले दोपहिया वाहनों के विरूद्ध कठोर प्रवर्तन कार्यवाही करे ।जनपद में दुर्घटनाओं के बढ़ती संख्या का मुख्य कारण वाहनों का ओवरस्पीड होना भी है। ओवरस्पीड वाहनों का चालान करने के उद्देश्य से इन्टरसेप्टर वाहन को सांसद जी द्वारा हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। इन्टरसेप्टर वाहन द्वारा ओवरस्पीड वाहनों के स्पष्ट फोटो वाहन की गति के साथ स्वचालित तरीके से लिये जाते हैं।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह, सीडीओ विनोद कुमार गौड़, सी.ओ. ट्रैफिक अभय कुमार वर्मा, अधिशासी अभियन्ता प्रा0ख0 लो0नि0वि0 मुरलीधर, अधिशासी अभियन्ता नि0ख0 लो0नि0वि0 अशोक कुमार, सीएमओ डा0 अवनीन्द्र कुमार, डीआईओएस नरेन्द्र पाल सिंह, डीपीआरओ श्री राजेश चौरसिया तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति तथा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *